बुधवार, 26 अगस्त 2015

बिहार में 29 साल के बाद छात्र संघ चुनाव की उम्मीद!

 बिहार में 29 साल के बाद छात्र संघ चुनाव की उम्मीद!
बिहार सरकार के चुनाव कराने का निर्देश देने के बाद राज्य के विश्वविद्यालयों में एक बार फिर छात्र संघ चुनाव होने की उम्मीद जगी है। राज्य के विश्वविद्यालयों में 1984 के बाद से छात्र संघ का चुनाव नहीं हुआ है। जबकि छात्र संघ चुनाव कराने के लिए छात्र संगठन बराबर आंदोलन करते हैं। वैसे छात्र संगठनों को अब भी भरोसा नहीं है कि ये चुनाव जल्द होंगे। बिहार के शिक्षा मंत्री पी.के. शाही ने राज्य के सभी विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों को पत्र भेजकर चुनाव कराने का निर्देश दिया है।
बिहार में अंतिम छात्र संघ चुनाव 1984 में पटना विश्वविद्यालय में हुआ था। इससे पूर्व 1980 में मगध विश्वविद्यालय के छात्र संघ का चुनाव हुआ था। राज्य के विश्वविद्यालयों के छात्र संघों के चुनाव 1984 के बाद से विभिन्न कारणों के चलते अब तक बंद हैं। बिहार के प्रसिद्घ पटना विश्वविद्यालय के छात्र नेताओं ने देश एवं प्रदेश की राजनीति में अपनी छाप छो़डी है।